रायपुर। CG BREAKING : जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह को भाजपा ने एक बार फिर से प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में, विनोद तावड़े ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन प्राप्त हुए थे, जो सभी किरण सिंहदेव के पक्ष में थे। इससे स्पष्ट होता है कि पार्टी में उनके नेतृत्व को व्यापक समर्थन प्राप्त है।
सिंहदेव छात्र राजनीति से ही संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। 1985 में छात्र संघ के अध्यक्ष बनने के बाद, 1998 से 2000 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे। इसके अतिरिक्त, वे 2002 से 2005 तक जिला अध्यक्ष, 2005 से 2009 तक प्रदेश महामंत्री, और 2009 से 2014 तक जगदलपुर नगर निगम के महापौर भी रह चुके हैं।
नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने राष्ट्रीय नेतृत्व और केंद्र के सभी नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष अरुण साव के नेतृत्व में पार्टी की सफलताओं का उल्लेख करते हुए आगामी चुनौतियों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।इस नियुक्ति के साथ ही भाजपा का प्रदेश संगठन चुनाव प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। किरण सिंहदेव के नेतृत्व में पार्टी आगामी चुनावों में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।