छत्तीसगढ़

CG News:-सहायक शिक्षक भर्ती-2026 -2292 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी, लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर को, दिव्यांग अभ्यर्थियों के संबंध में समाज कल्याण विभाग ने जारी की संशोधित अधिसूचना

CG News:-छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के अंतर्गत 2292 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को निर्धारित की गई है। इस बीच समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगता की चिन्हांकित श्रेणियों के संबंध में 11 सितंबर 2026 को संशोधित अधिसूचना जारी की गई है, जिसमें सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (बी) श्रेणी को भी शामिल किया गया है।

उल्लेखनीय है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा 25 फरवरी 2026 को राज्य शासन के सभी विभागों के अंतर्गत विभिन्न संवर्गों के लिए दिव्यांगता की चिन्हांकित श्रेणियों की सूची जारी की गई थी। इस अधिसूचना में सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (बी) श्रेणी को चिन्हांकित नहीं किया गया था।

ज्ञातव्य है कि 16 अप्रैल 2026 को सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती के लिए समाचार पत्रों में संक्षिप्त विज्ञापन प्रकाशित किया गया। वहीं 24 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया। इस विज्ञापन में समाज कल्याण विभाग की 25 फरवरी 2026 की अधिसूचना के अनुरूप दिव्यांगता की श्रेणियों का उल्लेख किया गया था। उस समय पूर्ण दृष्टिबाधित (बी) श्रेणी को सहायक शिक्षक पद के लिए शामिल नहीं किया गया था।

भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन 24 जुलाई 2026 से प्रारंभ हुए तथा आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 निर्धारित थी। निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद समाज कल्याण विभाग द्वारा 11 सितंबर 2026 को संशोधित अधिसूचना जारी की गई। इस संशोधन में सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (बी) श्रेणी को भी चिन्हांकित दिव्यांगता की श्रेणी में शामिल किया गया है।

विशेष उल्लेखनीय है कि संशोधित अधिसूचना जारी होने से पहले ही भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी थी। ऐसे में संशोधित अधिसूचना के बाद संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन संबंधी व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है। सहायक शिक्षक भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर को निर्धारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *