CG News:-डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस से भिड़े युवक, गणेश विसर्जन में हंगामा; 4 गिरफ्तार

CG News:-गणेश विसर्जन की शोभायात्रा में डीजे बंद कराने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस से झूमाझटकी तक पहुंच गया। रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर अभद्रता, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
CG News:-तय समय के बाद भी बज रहा था तेज आवाज में डीजे
पुलिस के मुताबिक, गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान निर्धारित समय के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डीजे बंद करने के लिए समझाइश दी। आरोप है कि बार-बार समझाने के बावजूद कुछ युवक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज और धमकी दी। इसके बाद धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की गई। पुलिस का कहना है कि इस दौरान शासकीय कार्य में भी बाधा डाली गई।
READ MORE:- लाइब्रेरी से घर लौट रही पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक, CCTV के बाद कोंडागांव से दो संदिग्ध गिरफ्तार
CG News:-इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
घटना के बाद सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 513/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 221, 224, 132(ए) और 191(1) के तहत कार्रवाई की है।
CG News:-चार आरोपी गिरफ्तार, कुछ की तलाश जारी
पुलिस ने प्रार्थी पुलिसकर्मी और गवाहों से पूछताछ के बाद आरोपियों की पहचान की। इसके बाद विजय तांडी, विशाल तांडी, दीपक तांडी और भीम महानंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद चारों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में—
- विजय तांडी (27)
- विशाल तांडी (29)
- दीपक तांडी (36)
- भीम महानंद (32)
सभी आरोपी जगन्नाथ नगर, पंडरी, थाना सिविल लाइन, रायपुर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व में जेल में निरुद्ध रहने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
CG News:-पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का संदेश
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता या झूमाझटकी करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गणेश विसर्जन जैसे बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से तय नियमों का पालन कराने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में नियमों की अनदेखी करना अब भारी पड़ सकता है।
