Crime News:-रास्ते में रोककर करता था परेशान! मानसिक तनाव में छात्रा ने खाया जहर, 3 दिन बाद मौत; नाबालिग पर गंभीर आरोप

Crime News:-कॉलेज आने-जाने के दौरान कथित तौर पर लगातार परेशान किए जाने और मानसिक दबाव में रहने से एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गांव का ही एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को लगातार रास्ते में रोकता और परेशान करता था। गंभीर मानसिक तनाव के बीच छात्रा ने कथित तौर पर चूहा मारने वाली दवा खा ली थी। अस्पताल में तीन दिनों तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई।
मामला पाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नाबालिग के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी होने की बात कही गई है।

Crime News:-मिलने के लिए बनाता था दबाव, आत्महत्या की धमकी देने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, आरोपी नाबालिग छात्रा से मिलने के लिए लगातार दबाव बनाता था। आरोप है कि वह छात्रा को भावनात्मक रूप से परेशान करने के लिए अपने भाई और मां के नाम कथित सुसाइड नोट लिखकर धमकी देता था।
परिजनों का कहना है कि वह छात्रा से कहता था कि यदि वह उससे नहीं मिली तो वह आत्महत्या कर लेगा। छात्रा और उसके परिवार की ओर से कई बार समझाइश दिए जाने के बावजूद उसके व्यवहार में बदलाव नहीं आया।
Crime News:-3 सितंबर को खाई चूहामार दवा
परिजनों के अनुसार, लगातार परेशान किए जाने और मानसिक तनाव के चलते छात्रा ने 3 सितंबर को चूहा मारने वाली दवा का सेवन कर लिया।
इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान छात्रा की हालत में सुधार नहीं हुआ और करीब तीन दिन बाद रविवार शाम उसकी मौत हो गई।
पढ़ाई में होशियार थी छात्रा
परिजनों के मुताबिक, छात्रा पढ़ाई में काफी होशियार थी। उसने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद कॉलेज में दाखिला लिया था और आगे की पढ़ाई कर रही थी।
बताया गया है कि छात्रा के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसके दो भाई बाहर रहकर काम करते हैं। रक्षाबंधन के दौरान दोनों भाई घर आए थे और छात्रा ने उन्हें राखी भी बांधी थी। छात्रा की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Crime News:-पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में मेडिकल कॉलेज से मिले मेमो के आधार पर जिला अस्पताल चौकी में बयान दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
