Asian Games 2026: 503 खिलाड़ी, 246 अधिकारी और 19 IOA स्टाफ… भारत का 768 सदस्यीय दल तैयार

Asian Games 2026: 503 खिलाड़ी, 246 अधिकारी और 19 IOA स्टाफ… भारत का 768 सदस्यीय दल तैयारजापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए भारत का दल लगभग पूरी तरह तैयार हो गया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने भारतीय दल के लिए 503 खिलाड़ियों के साथ 246 टीम अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी दी है। इसके अलावा 19 भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) कंटिजेंट स्टाफ भी दल का हिस्सा होंगे। इस तरह भारतीय दल की कुल संख्या 768 सदस्य हो गई है। भारत एशियन गेम्स में 36 खेलों में चुनौती पेश करेगा। प्रतियोगिता 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
READ MORE:- जोक नदी हादसा: पांच दिन बाद झाड़ियों में मिला लापता बाइक सवार का शव
Asian Games 2026:269 पुरुष और 234 महिला खिलाड़ी
खेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद भारतीय दल में कुल 503 एथलीट शामिल हैं। इनमें 269 पुरुष और 234 महिला खिलाड़ी हैं। मंत्रालय ने पहले 492 खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी थी, जिसके बाद 11 और खिलाड़ियों को शामिल किया गया। अतिरिक्त खिलाड़ियों में एथलेटिक्स के अलावा सर्फिंग और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स से जुड़े खिलाड़ी भी शामिल हैं।
खिलाड़ियों के साथ 246 टीम अधिकारी और सपोर्ट स्टाफ रहेंगे। इनमें कोच, मेडिकल स्टाफ, फिजियोथेरेपिस्ट, मनोवैज्ञानिक, मसाज थेरेपिस्ट, मैनेजर और तकनीकी स्टाफ जैसे सदस्य शामिल हैं। इनके अलावा 19 IOA कंटिजेंट स्टाफ हैं।
Asian Games 2026:एथलेटिक्स में बड़ा दल, नीरज चोपड़ा नहीं होंगे शामिल
एथलेटिक्स भारतीय दल के सबसे बड़े हिस्सों में से एक है। एथलेटिक्स के लिए 31 सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी दी गई है, जिनमें 20 कोच शामिल हैं। हालांकि भारत को इस बार स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा की कमी खलेगी। चोट के कारण वह आइची-नागोया एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनकी जगह कॉमनवेल्थ गेम्स के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट यशवीर सिंह को भारतीय एथलेटिक्स टीम में शामिल किया गया है।
Asian Games 2026:क्रिकेट में भी भारत की डबल चुनौती
एशियन गेम्स में क्रिकेट के पुरुष और महिला वर्ग में भारत की टीमें हिस्सा लेंगी। पुरुष टीम के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण को मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि महिला टीम के साथ अमोल मजूमदार कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं।
Asian Games 2026:2022 एशियन गेम्स में भारत ने रचा था इतिहास
पिछला एशियन गेम्स संस्करण 2022 में होना था, लेकिन कोविड-19 के कारण इसे 2023 में चीन के हांगझोउ में आयोजित किया गया। भारत ने वहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 107 पदक जीते थे, जिनमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे।
अब आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ियों की नजर इस प्रदर्शन को और बेहतर करने पर होगी। 503 खिलाड़ियों का दल 36 खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करेगा।
