CG News:-हेमाबंद में पशुओं को बंधक बनाने के मामले में बड़ा एक्शन, पिता-पुत्र गिरफ्तार; सचिव निलंबित, 126 पशु गौशालाओं में शिफ्ट

CG News:-बेमेतरा। जिले की दाढ़ी तहसील के ग्राम हेमाबंद में आवारा और घुमंतू पशुओं को कथित रूप से अनधिकृत तरीके से बंधक बनाकर रखने के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत के बाद मौके पर पशु चिकित्सक की टीम भेजकर जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने हेमाबंद निवासी दिलीप राय (55) और उसके पुत्र संजय राय (35) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और 299, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) और 11(1)(ज) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

CG News:-126 पशु सुरक्षित, गौशालाओं में किया गया व्यवस्थापन
प्रशासन की जांच के दौरान मौके पर 126 जीवित पशु पाए गए। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें वहां से हटाकर जिले की अलग-अलग गौशालाओं में सुरक्षित रूप से पहुंचाया गया। पशुओं की देखभाल और उपचार के लिए संबंधित गौशालाओं में पशु चिकित्सकों की निगरानी की व्यवस्था की गई है।
CG News:-सरकारी जमीन से हटाया गया कब्जा
मामले में प्रशासन ने कार्रवाई को केवल एफआईआर और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा। आरोपी द्वारा कथित तौर पर कब्जा की गई शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई 25 अगस्त को पूरी की गई। वहीं, मामले में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को लेकर भी राजसात की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।
CG News:-मृत पशुओं की मौत पर अभी जांच जारी
जांच के दौरान गांव की सरहद में कुछ मृत पशु भी पाए गए। हालांकि, इन पशुओं की मौत की वास्तविक संख्या और कारण को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। प्रशासन ने मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम गठित की है। टीम आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्टों में हेमाबंद में बड़ी संख्या में गौवंश की मौत का दावा किया गया था और चारा-पानी की कमी को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। ऐसे दावों की वास्तविकता और मौत के कारणों की पुष्टि संबंधित जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
CG News:-पंचायत सचिव पर भी गिरी गाज
मामले में पंचायत स्तर पर लापरवाही को लेकर भी प्रशासन ने कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत हेमाबंद के सचिव प्रकाश कोशले को कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और सरकारी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
CG News:-गौ सेवकों के प्रदर्शन के बाद तेज हुई कार्रवाई
इस मामले को लेकर गौ सेवकों में भी आक्रोश देखने को मिला था। आदेश सोनी के नेतृत्व में गौ सेवकों ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी मृत गौवंश को पिकअप वाहन में लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की थी।
प्रशासन की ओर से अब आरोपियों की गिरफ्तारी, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने और पंचायत सचिव के निलंबन जैसी कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं, मृत पशुओं की मौत के कारणों की जांच अभी जारी है।
