Bilaspur News:-बेसमेंट में छिपा था कृषि दवाओं का बड़ा जखीरा! कृषि विभाग की दबिश से मचा हड़कंप, मकान मालिक मौके से नदारद

Bilaspur News:-तखतपुर क्षेत्र के लोखंडी में कृषि विभाग की टीम ने एक मकान में दबिश देकर बड़ी मात्रा में कीटनाशक और कृषि उपयोग में आने वाली दवाएं बरामद की हैं। मकान के बेसमेंट में इन दवाओं का भंडारण किया गया था। कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने दवाओं की गिनती और जब्ती की प्रक्रिया शुरू की।
मामला सकरी थाना क्षेत्र के लोखंडी का बताया जा रहा है। कृषि विभाग को मकान में बड़ी मात्रा में कृषि दवाओं के भंडारण की जानकारी मिली थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में दवाओं के भंडारण से संबंधित आवश्यक लाइसेंस और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
READ MORE:- इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी महिला की हालत, अस्पताल पहुंचते ही मौत; लैब टेक्नीशियन पर आरोप, जांच के बाद कार्रवाई
Bilaspur News:-कार्रवाई के दौरान बेसमेंट से अलग-अलग प्रकार की कीटनाशक और कृषि उपयोग में आने वाली दवाएं मिली हैं। विभागीय टीम फिलहाल बरामद सामग्री की गिनती करने के साथ उनके बिल, लाइसेंस, बैच नंबर, निर्माण एवं एक्सपायरी संबंधी विवरण की जांच कर रही है।

जांच के दौरान कुछ दवाओं के एक्सपायर होने और कुछ के डुप्लीकेट होने की आशंका भी सामने आई है। हालांकि, अभी इन दवाओं को नकली या एक्सपायर्ड कहना जल्दबाजी होगी। इसकी वास्तविक पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेजों और उत्पादों की जांच पूरी करने के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि जिस मकान में कृषि दवाओं का भंडारण मिला है, वह गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी आशु सिंह पाल का बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान वह मौके पर मौजूद नहीं मिला। उसके फरार होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर विस्तृत पुष्टि का इंतजार है।
फिलहाल कृषि विभाग की टीम बरामद कीटनाशकों और अन्य कृषि दवाओं की सूची तैयार कर रही है। दवाओं की मात्रा, वैध दस्तावेज, लाइसेंस और गुणवत्ता की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नियमों का किस स्तर पर उल्लंघन हुआ है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ किस तरह की कार्रवाई की जाएगी।
