बेमेतरा

Road Accident:-गुनरबोड़ में रफ्तार का कहर: बाइक-जाइलो की आमने-सामने भिड़ंत, 5 साल के बच्चे समेत 4 घायल

Road Accident:-बेमेतरा। स्वतंत्रता दिवस के दिन बेमेतरा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। घटना ग्राम गुनरबोड़ के पास बताई जा रही है, जहां बाइक और जाइलो कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में घायल चार लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बाइक पर ग्राम ढोकला निवासी पांच वर्षीय कुश डेहरे, प्रवीण डेहरे, सागर सोनकेवरे और आकाश घृतलहरे सवार थे। गुनरबोड़ के पास पहुंचने के दौरान बाइक की सामने से आ रही जाइलो कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस और सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बेमेतरा पहुंचाया गया।

Road Accident:-अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पांच वर्षीय कुश डेहरे और प्रवीण डेहरे की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी है। वहीं सागर सोनकेवरे और आकाश घृतलहरे का उपचार जिला अस्पताल में जारी बताया गया है।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है। हादसे की पूरी परिस्थितियां और दुर्घटना के लिए जिम्मेदारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गौरतलब है कि बेमेतरा के गुनरबोड़ क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहले भी गंभीर सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2022 में इसी क्षेत्र में दो मालवाहक वाहनों की भीषण भिड़ंत में दो चालकों की मौत हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *