ED Raipur News:-महादेव ऐप केस में बढ़ीं शेफाली बग्गा की मुश्किलें! ED ने दूसरे दिन 9 घंटे की मैराथन पूछताछ, डिजिटल सबूतों की हो रही जांच

ED Raipur News:-रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी सिलसिले में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और बिग बॉस फेम शेफाली बग्गा से शुक्रवार को रायपुर स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में करीब 9 घंटे तक मैराथन पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें जाने दिया गया, लेकिन कार्यालय से बाहर निकलते समय उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।
इससे पहले गुरुवार को भी ईडी ने उनसे लगभग 5 घंटे तक पूछताछ की थी। लगातार दूसरे दिन हुई लंबी पूछताछ के बाद अब जांच एजेंसी उनके कथित डिजिटल नेटवर्क और ऑनलाइन गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है।
READ MORE:- धरती डोली, मचा हड़कंप! मैक्सिको में 7.4 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का खतरा बढ़ा, लोग घर छोड़कर भागे
ED Raipur News:-क्या है ED की जांच का फोकस?
सूत्रों के अनुसार, ईडी शेफाली बग्गा के कथित तौर पर महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से जुड़े लोगों के साथ संबंधों, सोशल मीडिया गतिविधियों, डिजिटल प्रचार सामग्री और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उन्होंने विदेशों से संचालित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के प्रचार-प्रसार में कोई भूमिका निभाई थी और इसके बदले उन्हें आर्थिक लाभ मिला था या नहीं।
ED Raipur News:-हवाला कनेक्शन की भी जांच
जांच एजेंसी के मुताबिक, शेफाली बग्गा का नाम महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े मामले में सामने आया है। ईडी डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया पोस्ट, प्रमोशनल वीडियो और अन्य ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क की भूमिका स्पष्ट हो सके।
ED Raipur News:-बेटिंग टिप्स और टेलीग्राम चैनलों की भी जांच
ईडी यह भी जांच कर रही है कि क्या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और टेलीग्राम चैनलों के जरिए बेटिंग कोड, प्रमोशनल लिंक और कथित बेटिंग टिप्स साझा किए गए थे। एजेंसी इन डिजिटल रिकॉर्ड्स के साथ-साथ संबंधित वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
हालांकि, अब तक इस मामले में शेफाली बग्गा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच जारी है और ईडी डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकती है।
