छत्तीसगढ़

CG Politics:-राहुल गांधी का नाम लेते ही विधानसभा में मचा बवाल! देवेंद्र यादव ने चढ़ाईं बाहें, हंगामे के बीच 5 मिनट के लिए स्थगित हुई सदन की कार्यवाही

CG Politics:-छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान शुक्रवार को सदन में जमकर हंगामा देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अपने भाषण के दौरान माओवादी कमांडर हिडमा से जुड़े एक कथित सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए उसमें राहुल गांधी का नाम लिया। इसके बाद विपक्ष ने कड़ा विरोध शुरू कर दिया और सदन का माहौल अचानक गरमा गया।

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने गृह मंत्री से राहुल गांधी के कथित रिपोस्ट का प्रमाण मांगा। इस दौरान सत्ता पक्ष ने देवेंद्र यादव की बॉडी लैंग्वेज पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नारेबाजी शुरू हो गई। बढ़ते हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

CG Politics:-अविश्वास प्रस्ताव पर सरकार का पलटवार

इससे पहले अविश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए विजय शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को अपने ही विधायकों से समर्थन के लिए हाथ उठवाने पड़ रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तत्कालीन उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने पंचायत विभाग छोड़ दिया था क्योंकि उनकी बात सरकार में नहीं सुनी जा रही थी।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवास देने के अपने वादे को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया है। उनके मुताबिक वर्तमान में प्रदेश में 11 लाख से अधिक आवास बन चुके हैं और प्रतिदिन करीब 1500 नए आवासों का निर्माण हो रहा है।

CG Politics:-कांग्रेस सरकार पर लगाए कई आरोप

गृह मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केवल सीमित संख्या में हितग्राहियों को लाभ देने का प्रयास किया और योजना का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की। उन्होंने डीएमएफ, पीएससी और कोयला मामलों का जिक्र करते हुए पूर्व कांग्रेस सरकार पर अनियमितताओं के आरोप भी लगाए।

CG Politics:-धर्मांतरण, घुसपैठ और नक्सलवाद पर भी साधा निशाना

विजय शर्मा ने कहा कि घुसपैठ, धर्मांतरण और नक्सलवाद जैसे मुद्दों पर विपक्ष चर्चा से बचता है। उन्होंने बलौदाबाजार हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि इसे किसी समाज विशेष से जोड़ना उचित नहीं है। उनका कहना था कि घटना में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और आरोप पत्र में किसी समाज का उल्लेख नहीं होना चाहिए।

CG Politics:-विपक्ष का पलटवार

विजय शर्मा के बयान के बाद कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर सतनामी समाज के लोगों को चुन-चुनकर गिरफ्तार करने का आरोप लगाया। इस पर गृह मंत्री ने कहा कि कार्रवाई केवल कानून तोड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ हुई है, किसी समाज विशेष के खिलाफ नहीं।

CG Politics:-नक्सलवाद पर सरकार का दावा

गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में उल्लेखनीय सफलता मिली है। साथ ही उन्होंने कहा कि नक्सल पीड़ितों के पुनर्वास और जेल में बंद लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *