छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Dog Attack:-CG में मौत बनकर टूटे आवारा कुत्ते! स्कूल से लौट रहे 5 साल के मासूम को दौड़ा-दौड़ाकर नोचा, अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांस

Chhattisgarh Dog Attack:-कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर गांव में आवारा कुत्तों के झुंड ने पहली कक्षा में पढ़ने वाले 5 वर्षीय मासूम प्रकाश पटेल पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह घायल कर दिया। गंभीर हालत में उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Chhattisgarh Dog Attack:-पिता से मिलकर लौट रहा था बच्चा

जानकारी के मुताबिक, प्रकाश के पिता किशोर पटेल मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में परिवार के साथ कोरबा के दादर गांव में मजदूरी करते हैं। घटना के समय किशोर पटेल एक निर्माण कार्य में लगे हुए थे। प्रकाश उनसे मिलने के बाद वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया।

Chhattisgarh Dog Attack:-सिर और गर्दन पर किया जानलेवा हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्तों ने बच्चे को काफी दूर तक दौड़ाया और उसके सिर, गर्दन तथा शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर हमला किया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर पिता दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर बेटे को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

Chhattisgarh Dog Attack:-परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

Chhattisgarh Dog Attack:-आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस दर्दनाक घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, यह घटना एक बार फिर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या तथा नागरिकों, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *