Chhattisgarh Land Mafia:-छत्तीसगढ़ के प्रयाग में भू-माफियाओं का ‘बुलडोजर राज’! सरकारी तालाब-नहर तक पाट डाली, शिकायतों पर भी नहीं जागा प्रशासन

Chhattisgarh Land Mafia:-छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम में अवैध प्लाटिंग का बड़ा खेल सामने आया है। आरोप है कि भू-माफियाओं ने कृषि भूमि पर बिना डायवर्सन कराए कॉलोनियां बसाने के लिए न केवल सरकारी जमीन का उपयोग किया, बल्कि निस्तारी तालाब और सिंचाई विभाग की नहर तक पाट दी। शिकायतों के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
Chhattisgarh Land Mafia:-तालाब पाटने की शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
बरोंडा निवासी नेतराम धृतलहरे ने 2 जुलाई को कलेक्टर भगवान सिंह उइके से लिखित शिकायत कर आरोप लगाया कि खसरा नंबर 584 में दर्ज लगभग डेढ़ एकड़ के निस्तारी तालाब को प्रभावशाली लोगों द्वारा जेसीबी मशीनों से पाटा जा रहा है। शिकायतकर्ता ने घटना का वीडियो भी तैयार कर प्रशासन को सौंपा।

नेतराम का कहना है कि जून के अंतिम सप्ताह में उन्होंने स्थानीय तहसीलदार और एसडीएम से भी शिकायत की थी, लेकिन कथित तौर पर किसी स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि तालाब से लगी कृषि भूमि खरीदने वाले लोग अवैध प्लाटिंग के लिए जल स्रोतों को खत्म कर रहे हैं।
Chhattisgarh Land Mafia:-2016 में डेढ़ एकड़ था तालाब, अब रकबा घटने का आरोप
पूर्व नगर पंचायत प्रतिनिधि पवन सोनकर का दावा है कि वर्ष 2016 में यह तालाब लगभग डेढ़ एकड़ क्षेत्रफल में दर्ज था और इसे मत्स्य पालन के लिए लीज पर दिया गया था। उनका आरोप है कि बाद में रिकॉर्ड में बदलाव कर तालाब का रकबा कम कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद तालाब के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ की गई, जबकि सार्वजनिक जल स्रोतों की सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है।
Chhattisgarh Land Mafia:-कबीर नगर पार्ट-2 के लिए नहर पर बना दिया रास्ता
राजिम-गरियाबंद मार्ग पर तेजी से बढ़ रही जमीन की मांग के बीच अवैध प्लाटिंग का कारोबार भी बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि पहले हाईवे किनारे कृषि भूमि पर कबीर नगर नाम से कॉलोनी विकसित की गई और अब उसके विस्तार (पार्ट-2) के लिए सिंचाई विभाग की नहर में ह्यूम पाइप डालकर सड़क बना दी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में बिना वैधानिक अनुमति के प्लॉट काटे जा रहे हैं और हर महीने सैकड़ों प्लॉटों की रजिस्ट्री होने से प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
Chhattisgarh Land Mafia:-100 से अधिक जमीनों पर प्रतिबंध, अब होगी जांच
राजिम के एसडीएम विशाल महाराणा ने कहा कि अवैध प्लाटिंग की शिकायतों पर अब तक 100 से अधिक रकबों की खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि तालाब और नहर पाटने का मामला अब संज्ञान में आया है और इसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh Land Mafia:-बढ़ रहे सवाल
- क्या सरकारी जल स्रोतों पर अतिक्रमण रोकने में प्रशासन नाकाम रहा?
- यदि पहले शिकायतें मिली थीं तो तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
- क्या अवैध प्लाटिंग के पीछे संगठित नेटवर्क सक्रिय है?
- जांच के बाद दोषियों पर कब तक कार्रवाई होगी?
