छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Rain News:-रथयात्रा के बीच मातम! मूसलाधार बारिश में ढहा पुराना होटल, मलबे में दबे 9 से ज्यादा लोग, राहत-बचाव जारी

Chhattisgarh Rain News:-छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से रथयात्रा के दिन एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के उरमाल बाजार में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक पुराना ईंट-खपरे का होटल अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय बारिश से बचने के लिए कई लोग होटल के भीतर खड़े थे। भवन गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 9 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस तथा प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण होटल की दीवारें और छत काफी कमजोर हो चुकी थीं। अचानक भवन ढहने से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। कई लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया है और आसपास मौजूद अन्य जर्जर भवनों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हताहतों और घायलों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

Chhattisgarh Rain News:-प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही भारी बारिश के दौरान जर्जर या पुराने भवनों में शरण लेने से बचें। मौसम विभाग ने भी प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, ऐसे में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *