Chhattisgarh Road Accident:-ओवरटेक की एक गलती ने ले ली दो जिंदगियां: कोयला लदे ट्रेलर ने पिता-पुत्र को कुचला, मां जिंदगी की जंग लड़ रही

Chhattisgarh Road Accident:-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा नगर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि पिता और 14 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
READ MORE:- गर्भस्थ शिशु के DNA ने पलटा पूरा केस! ट्रायल कोर्ट से बरी आरोपी पर हाईकोर्ट सख्त, फिर शुरू होगी सुनवाई
Chhattisgarh Road Accident:-ओवरटेक की कोशिश बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुड़कई गांव निवासी तेरस भरिया (35), उनकी पत्नी और 14 वर्षीय पुत्र राजू भरिया स्कूटी से पेंड्रा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे वाहन के बीच कोयले से भरे ट्रेलर चालक ने तेज रफ्तार में ओवरटेक करने का प्रयास किया। संतुलन बिगड़ने पर ट्रेलर सीधे स्कूटी से टकरा गया और उसे कई मीटर तक घसीटता हुआ निकल गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

Chhattisgarh Road Accident:-डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तेरस भरिया और उनके पुत्र राजू भरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
Chhattisgarh Road Accident:-भाग रहे ट्रेलर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Chhattisgarh Road Accident:-सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर आवागमन सामान्य कराया। घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों की तेज रफ्तार, लापरवाह ओवरटेकिंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

