छत्तीसगढ़

CG News:-15 हजार से 50 हजार तक बढ़ी मांग, फिर छिनी स्कूटी… बेइज्जती नहीं सह सकी 17 वर्षीय छात्रा; IC Mart सील

CG News:-बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध आत्महत्या के मामले ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। परिजनों ने IC Mart प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना, सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और पैसे की कथित मांग करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए IC Mart को सील कर दिया है। एफएसएल की टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच करेगी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह ने बुधवार दोपहर अपने शासकीय आवास में फंदे से लटककर जान दे दी।

CG News:-चोरी का आरोप, लिखवाया कबूलनामा

परिजनों का आरोप है कि IC Mart प्रबंधन ने छात्रा पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाते हुए उससे लिखवाया कि उसने चोरी की है। इसके बाद कथित तौर पर पहले 15 हजार रुपये, फिर 20 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि छात्रा की स्कूटी भी मार्ट प्रबंधन ने अपने कब्जे में ले ली।

CG News:-अपमान से टूट गई छात्रा

परिजनों का कहना है कि परिवार के सामने हुई कथित बेइज्जती और लगातार बढ़ते दबाव से छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। इसी तनाव के बीच उसने घर लौटकर यह कदम उठा लिया।

CG News:-मार्ट सील, CCTV और साक्ष्यों की होगी जांच

घटना के बाद बैकुंठपुर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए IC Mart को सील कर दिया। कोतवाली प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि एफएसएल टीम सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अभी तक किसी की आपराधिक जिम्मेदारी तय नहीं की गई है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *