छत्तीसगढ़

CG News:-रायपुर को मिली नई व्यापारिक पहचान! डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण, अब सरदार पटेल के नाम से होगी पहचान, लगेगी 15 फीट ऊंची प्रतिमा

CG News:-राजधानी रायपुर के व्यापारिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को डूमरतराई स्थित थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। इस आधुनिक होलसेल मार्केट का नाम ‘सरदार वल्लभभाई पटेल थोक बाजार’ रखा गया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने यहां भविष्य में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर सरदार पटेल की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित किए जाने की भी घोषणा की।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण एवं अधोसंरचना मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और व्यापारी मौजूद रहे।

CG News:-व्यापारियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 को शहर में बढ़ते व्यापार, बेहतर लॉजिस्टिक्स और सुनियोजित बाजार व्यवस्था को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। सरकार का मानना है कि बाजार शुरू होने से व्यापारियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ व्यवस्थित व्यापारिक परिसर मिलेगा, वहीं शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।

CG News:-अब सिर्फ आवास नहीं, अधोसंरचना विकास भी करेगा मंडल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अधोसंरचना विकास के बड़े प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी भी निभाएगा। उन्होंने बताया कि एक समय घाटे में चल रहा मंडल बेहतर प्रबंधन और योजनाबद्ध कार्यों के कारण आज लाभ की स्थिति में पहुंच चुका है।

मुख्यमंत्री ने व्यापारी वर्ग को समाज का महत्वपूर्ण सहयोगी बताते हुए कहा कि नया थोक बाजार शहर के आर्थिक विकास और बेहतर शहरी व्यवस्था में अहम भूमिका निभाएगा।

CG News:-16 साल पुरानी योजना हुई साकार

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नगर निगम आयुक्त रहते हुए लगभग 16 वर्ष पहले शहर के बाहर एक आधुनिक होलसेल मार्केट विकसित करने की योजना बनाई गई थी। चेंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से स्थान का चयन किया गया, लेकिन विभिन्न कारणों से परियोजना में समय लगा। अब यह बाजार व्यापारियों और आम नागरिकों दोनों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।

उन्होंने कहा कि थोक बाजार के संचालन से शहर के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही कम होगी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आएगा और व्यापारिक गतिविधियां अधिक व्यवस्थित होंगी।

CG News:-प्रदेश के अधोसंरचना विकास को मिलेगी नई गति

छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण एवं अधोसंरचना मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के नेतृत्व में मंडल आवासीय परियोजनाओं के साथ-साथ बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर भी तेजी से काम कर रहा है। डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 को प्रदेश में सुनियोजित शहरी विकास और आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *