इन्फोटेनमेंट

Ayodhya:-राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी पर बोले अनुपम खेर- “चोरों से मंदिर की गरिमा नहीं घटती”, अयोध्या से दिया बड़ा संदेश

Ayodhya:-बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर अपनी आगामी फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग के सिलसिले में बुधवार को अयोध्या पहुंचे। शूटिंग शुरू करने से पहले उन्होंने राम मंदिर में रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान उन्होंने हाल ही में राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। अनुपम खेर ने कहा कि “चोर हर जगह हो सकते हैं, लेकिन इससे मंदिर की पवित्रता, गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था पर कोई असर नहीं पड़ता।”

Ayodhya:-उन्होंने कहा कि जिस मंदिर के निर्माण का इंतजार करोड़ों श्रद्धालुओं ने लगभग 500 वर्षों तक किया, उसकी प्रतिष्ठा कुछ लोगों की गलत हरकतों से कम नहीं हो सकती। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी के घर में चोरी हो जाए तो दोष घर का नहीं, बल्कि चोरी करने वाले व्यक्ति का होता है। उसी तरह मंदिर में हुई किसी घटना के आधार पर मंदिर की गरिमा पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

अनुपम खेर ने कहा कि श्रद्धालु भगवान को चढ़ावा किसी सौदे या बदले की भावना से नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और भक्ति के साथ अर्पित करते हैं। इसलिए ऐसी घटनाओं को लोगों की आस्था से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने समाज से अपील की कि इस तरह की घटनाओं को सनसनीखेज बनाने के बजाय दोषियों के खिलाफ कार्रवाई पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

Ayodhya:-‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग का हुआ शुभारंभ

अभिनेता ने बताया कि उनकी नई फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग अयोध्या से शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत रामलला के आशीर्वाद के साथ करना उनके लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान श्रीराम का आशीर्वाद पूरी टीम को मिलेगा और फिल्म दर्शकों के दिलों तक पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *