Petrol Scam:-रायपुर में पेट्रोल पंप पर बड़ा बवाल! ‘पेट्रोल की जगह पानी’ का आरोप, कई गाड़ियों के इंजन बंद, जांच शुरू

Petrol Scam:-राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर कथित तौर पर पानी मिला पेट्रोल बेचने का मामला सामने आने के बाद रविवार को जमकर हंगामा हो गया। बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल पंप पहुंचे और आरोप लगाया कि यहां से पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद उनकी बाइक और कारें बीच रास्ते में बंद हो गईं। कुछ लोगों ने दावा किया कि उनके वाहनों के इंजन को गंभीर नुकसान पहुंचा है और इंजन सीज होने जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही एक के बाद एक वाहन खराब होने की जानकारी फैली, नाराज ग्राहक पेट्रोल पंप पहुंच गए और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Petrol Scam:-ग्राहकों का आरोप- पानी मिला ईंधन भरा गया
वाहन चालकों का कहना है कि पेट्रोल में पानी की मिलावट होने के कारण उन्हें हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। कई लोगों ने मांग की है कि यदि जांच में पेट्रोल पंप की लापरवाही सामने आती है तो वाहन मरम्मत का पूरा खर्च पंप संचालक से वसूला जाए।
Petrol Scam:-प्रशासन मौके पर, लिए जाएंगे ईंधन के सैंपल
मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल के सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ईंधन में वास्तव में पानी या किसी अन्य प्रकार की मिलावट थी या नहीं।
फिलहाल जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Petrol Scam:-पहले भी लग चुके हैं शिकायतों के आरोप
स्थानीय स्तर पर इस पेट्रोल पंप को लेकर पहले भी ग्राहकों द्वारा कम ईंधन देने और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि हर मामले में जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हुई है। वर्तमान मामले में भी प्रशासन ने वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
