Breaking News:-मणिपुर में उग्रवादियों का बड़ा हमला: 40 असम राइफल्स के काफिले पर घात, 2 जवान शहीद; कांगपोकपी में महिला और बच्चा भी घायल

Breaking News:-मणिपुर में सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। सोमवार दोपहर उखरूल जिले में 40 असम राइफल्स के काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य जवानों के घायल होने की भी खबर है। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर बड़े स्तर पर सर्च और एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। शुरुआती जांच में बताया गया है कि हमलावरों ने विस्फोटकों और अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया।
READ MORE:- हरियाणा के वरिष्ठ IPS आलोक मित्तल बने BPR&D के नए DG, अब देश की पुलिस व्यवस्था में आएंगे बड़े बदलाव!
Breaking News:-ड्यूटी से लौटते समय किया गया घातक हमला
पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह हमला सोमवार दोपहर करीब 1:30–1:50 बजे उखरूल जिले के नुंगशांग खोंग (Nungshang Khong) इलाके में हुआ। 40 असम राइफल्स के जवान ड्यूटी पूरी कर शांगशाक (Sangshak) स्थित अपने बटालियन मुख्यालय लौट रहे थे, तभी पहले विस्फोट किया गया और उसके बाद अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी गई।
Breaking News:-दो वीर जवानों ने दी सर्वोच्च बलिदान
हमले में गंभीर रूप से घायल हुए जवानों की पहचान वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह और राइफलमैन सी.एम. सिंह के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल असम राइफल्स कैंप ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ शांगशाक कैंप में रखा गया है, जहां साथी जवानों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
Breaking News:-कई घंटे तक गूंजती रही गोलियों की आवाज
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हमले के बाद इलाके में कई घंटों तक लगातार गोलीबारी होती रही। इससे सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच लंबी मुठभेड़ की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, अब तक किसी उग्रवादी के मारे जाने या गिरफ्तार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में तलाशी अभियान चला रही हैं।
Breaking News:-सरकार ने जताया शोक, दोषियों को सजा देने का भरोसा
मणिपुर के गृह मंत्री गोविंददास कोंथौजाम ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं राज्य में शांति बहाल करने के प्रयासों को नुकसान पहुंचाती हैं।
उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि हमले के जिम्मेदार लोगों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
वहीं मुख्यमंत्री ने भी इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि सरकार हिंसा को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
Breaking News:-कांगपोकपी में भी हिंसा, महिला और बच्चा घायल
इसी बीच मणिपुर के कांगपोकपी जिले के थिंगखोंगजांग कुकी गांव में रविवार को चर्च में प्रार्थना के दौरान भी फायरिंग की घटना सामने आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावरों ने गांव पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, विस्फोटक फेंके और कई घरों में आग लगा दी। इस हमले में एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा बलों ने वहां भी तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
