छत्तीसगढ़गरियाबंद

Rain Accident:-बारिश बनी काल: 12 फीट गहरे पानी से भरे घुरवा गड्ढे में डूबे मासूम भाई-बहन, खेलते-खेलते चली गई दोनों की जिंदगी

Rain Accident:-छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा से रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। लगातार हो रही बारिश के बीच घर के बाहर खेल रहे मासूम भाई-बहन की बारिश के पानी से लबालब भरे घुरवा (कचरा फेंकने) गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Rain Accident:-खेलते-खेलते गहरे गड्ढे तक पहुंचे मासूम

जानकारी के अनुसार, तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू बारिश रुकने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों घर के पास स्थित घुरवा गड्ढे के समीप पहुंच गए। लगातार बारिश के कारण गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट तक पानी भरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय दोनों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में गिर गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।

Rain Accident:-देर तक घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश

जब काफी देर तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से आसपास खोजबीन शुरू की गई। तलाश के दौरान दोनों बच्चे घुरवा गड्ढे में मिले। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

Rain Accident:-सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

Rain Accident:-सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दुख है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में मौजूद खुले एवं गहरे घुरवा गड्ढों की घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड लगाने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए गए होते तो शायद दो मासूम जिंदगियां बचाई जा सकती थीं।

ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *