छत्तीसगढ़

CG News:-घर-घर लगेगा ‘सुपोषण का पहरेदार’ मुनगा! कुपोषण के खिलाफ छत्तीसगढ़ में शुरू होगा जनआंदोलन

CG News:-महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की अपील— हर घर मुनगा, हर परिवार सुपोषित; बारिश में बड़े पैमाने पर पौधरोपण का आह्वान

CG News:-छत्तीसगढ़ में कुपोषण को जड़ से खत्म करने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक नई पहल शुरू होने जा रही है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने “सुपोषण वृक्ष–मुनगा” अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया है। उन्होंने प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों से बारिश के मौसम में बड़े पैमाने पर मुनगा (सहजन) के पौधे लगाने की अपील की है।

मंत्री ने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य को कुपोषण मुक्त और सुपोषित बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और हितग्राहियों के घरों में मुनगा के पौधे लगाए जाएंगे।

CG News:-क्यों खास है मुनगा?

मुनगा को पोषण का खजाना माना जाता है। इसके पत्तों और फलियों में प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, विटामिन-ए और विटामिन-सी जैसे कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यही वजह है कि इसे दुनिया भर में “मदर ट्री” के नाम से भी जाना जाता है।

विशेषज्ञों के अनुसार मुनगा का नियमित सेवन बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। यह एनीमिया जैसी समस्याओं की रोकथाम में मदद करता है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी सहायक है।

CG News:-बारिश में होगा व्यापक पौधरोपण

मंत्री राजवाड़े ने जनप्रतिनिधियों से जल स्रोतों के आसपास, पंचायत परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और हितग्राहियों के घरों में अधिक से अधिक मुनगा के पौधे लगाने का आग्रह किया है। उनका मानना है कि जनसहभागिता से यह अभियान कुपोषण के खिलाफ एक मजबूत जनआंदोलन बन सकता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक इस अभियान से जुड़े और “सुपोषित छत्तीसगढ़” के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *