Yoga Sangam:-योग से रचेगा जशपुर नया इतिहास! 14 जून को गिनीज रिकॉर्ड मिशन, 21 जून को रणजीता स्टेडियम बनेगा योग का महाकुंभ

Yoga Sangam:-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर जशपुर जिला एक ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने जा रहा है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा इस वर्ष योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ और सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की गई है। इसी कड़ी में 14 जून को देशभर में एक साथ ऑनलाइन योग सत्र आयोजित कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें जशपुर के लोगों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी।
READ MORE:- ₹51 में फ्री SIM, रोज 2GB डेटा और अनलिमिटेड कॉल! BSNL का धमाकेदार ऑफर खत्म होने से पहले उठाएं फायदा

Yoga Sangam:-14 जून को होगा रिकॉर्ड बनाने का प्रयास
आयुष विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 14 जून 2026 को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस दौरान देशभर से अधिकतम लोगों को जोड़कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस विशेष अभियान में शामिल होने के लिए इच्छुक लोग टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। प्रशासन और आयुष विभाग द्वारा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
Yoga Sangam:-21 जून को रणजीता स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) पर जशपुर के रणजीता स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
प्रशासन का लक्ष्य है कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर इसे लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए, ताकि स्वस्थ जीवन और बेहतर स्वास्थ्य को बढ़ावा मिल सके।
Yoga Sangam:-योग संगम पोर्टल पर भी कर सकते हैं पंजीयन
आयुष मंत्रालय ने योग संगम पोर्टल-2026 शुरू किया है, जहां विभिन्न शासकीय विभाग, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय और सामाजिक संगठन अपने योग कार्यक्रमों का पंजीयन कर सकते हैं। आयोजन के बाद कार्यक्रम का विवरण और फोटोग्राफ भी पोर्टल पर अपलोड किए जा सकेंगे।
Yoga Sangam:-लोगों से की गई विशेष अपील
आयुष विभाग ने जिले के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में योग कार्यक्रमों में भाग लें और देश के इस रिकॉर्ड बनाने वाले अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।
योग विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव कम करने और जीवन को अधिक संतुलित बनाने में भी मदद करता है।
